पवन प्रभात हथगाँव/फतेहपुर। फातिमा पब्लिक स्कूल, हथगाँव में रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में सोमवार को एक विशाल अंतर-कक्षा प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें कक्षा 1 से 12वीं तक के भारी संख्या में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। विद्यालय के मैनेजर रिजवान कासमी के कुशल मार्गदर्शन तथा हेडमिस्ट्रेस कल्पना जॉन की गरिमामयी अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों के सर्वांगीण विकास और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए राखी मेकिंग, मेहंदी और फ्री-हैंड एक्टिविटी जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इवेंट इंचार्ज अंकुश गौतम एवं आमना सलमानी के सफल प्रबंधन में सभी वर्ग अध्यापकों ने अपनी-अपनी कक्षाओं में इन गतिविधियों का सुचारू रूप से संचालन कराया। जहाँ विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक आकर्षक राखियाँ, मनमोहक मेहंदी डिजाइन और उत्कृष्ट कलाकृतियाँ बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के समापन पर मैनेजर रिजवान कासमी और हेडमिस्ट्रेस कल्पना जॉन ने बच्चों के बेहतरीन प्रदर्शन एवं कलात्मक सोच की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में छिपी प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें हमारी सांस्कृतिक परंपराओं से भी जोड़ते हैं, जिसके बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
